महराजगंज । विकासखंड मिठौरा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौक बाजार में रविवार को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण अभियान का आयोजन किया गया, लेकिन निर्धारित समय तक एक भी महिला या किशोरी टीका लगवाने के लिए केंद्र नहीं पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे दिन लाभार्थियों का इंतजार करती रही।
स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके बावजूद लोगों में जागरूकता की कमी और टीके को लेकर फैली भ्रांतियों के कारण अपेक्षित संख्या में लाभार्थी केंद्र तक नहीं पहुंच सके।
एनएम नीतू शर्मा ने बताया कि सुबह से स्वास्थ्य विभाग की टीम टीकाकरण के लिए तैयार रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई भी महिला या किशोरी टीका लगवाने नहीं आई। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों में अभी भी टीके को लेकर डर और संकोच बना हुआ है। विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक महिलाओं और किशोरियों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर बीपीएम नवनीत उपाध्याय, एलएचवी कुसुम देवी तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
