डीएम ने छात्राओं को पढ़ाया सफलता का मंत्र, लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की दी सीख ।

महराजगंज। जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कैरियर निर्माण और व्यक्तित्व विकास के बारे में मार्गदर्शन दिया। डीएम ने छात्राओं से उनके कैरियर लक्ष्य पूछे और लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध ढंग से निरंतर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से विभिन्न विषयों और कैरियर से जुड़े सवाल किए। छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ जवाब दिए। डीएम ने छात्राओं के ज्ञान और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
छात्राओं ने जिलाधिकारी से कलेक्ट्रेट की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक कार्यों के बारे में सवाल पूछे। डीएम ने उनके प्रश्नों का जवाब देते हुए छात्राओं को कलेक्ट्रेट आने का आमंत्रण दिया। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी और प्रधानाचार्य को छात्राओं को कलेक्ट्रेट और विकास भवन का भ्रमण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि छात्रावास में रहकर छात्राएं अनुशासन, समय प्रबंधन, सामूहिक जीवन और आत्मनिर्भरता सीख रही हैं। ये अनुभव भविष्य में उनके काम आएंगे। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। सफलता के लिए अनुशासन, निरंतरता, मेहनत और आत्मविश्वास जरूरी है।
डीएम ने छात्राओं को भटकाव से दूर रहकर लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और नियमित रूप से समाचार पत्र-पत्रिकाएं पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्य अध्ययन और समसामयिक घटनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। देश-दुनिया की घटनाओं की जानकारी ज्ञान और व्यक्तित्व विकास के लिए भी जरूरी है।
संवाद के बाद जिलाधिकारी ने छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय के अन्य कर्मचारियों के साथ भोजन किया। इस दौरान विभिन्न विषयों पर अनौपचारिक चर्चा भी हुई। छात्राओं ने डीएम के अनुभवों और विचारों को प्रेरणादायी बताया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और विद्यालय के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



