
महराजगंज ।मिठौरा विकासखंड क्षेत्र के ग्राम सभा बरवां सोनिया में प्राथमिक विद्यालय के पास धीरज विश्वकर्मा के घर के बगल की सड़क जर्जर होने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क टूटकर जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।
बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे उनकी गहराई का पता नहीं चल पाता। ऐसे में अनजान राहगीरों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है। स्कूली बच्चे भी सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से से बचने के लिए किनारे से होकर विद्यालय आने-जाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है। ग्रामवासी लोरिक गौंड, अवधेश पाण्डेय, घनश्यामा तिवारी, राम सुरेश गुप्ता, दीनानाथ यादव, मंजूर, मोहर्रम, गंगू विश्वकर्मा, विमल पाण्डेय, धीरज विश्वकर्मा और नरेश गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।



