
महराजगंज। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने इटहिया पंचमुखी महादेव शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र और संपर्क मार्गों की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट, अग्निशमन और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। उन्होंने कहा कि भीड़ के दौरान किसी भी स्तर पर अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। मेला परिसर के कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की जानकारी भी ली।
एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए 47 सीसीटीवी कैमरों और एक ड्रोन कैमरे से लगातार निगरानी की जा रही है। डीएम ने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों समेत पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों को व्यवस्थित रखने, निर्धारित एवं समान मूल्य दर का पालन कराने तथा खाद्य-पेय पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को खुले, नंगे अथवा अत्यधिक नीचे लटक रहे तारों को दुरुस्त कराने और मंदिर परिसर व आवागमन वाले मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने मेला ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों की परिचय पत्र के साथ ड्यूटी सुनिश्चित करने तथा पेयजल, मोबाइल शौचालय और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को जलाभिषेक शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा।निरीक्षण के बाद डीएम और एसपी ने मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक व पूजन-अर्चन किया तथा जनपदवासियों को श्रावण के द्वितीय सोमवार की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, तहसीलदार अमित सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



