महराजगंज । जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने पिछले दो माह में व्यापक कार्रवाई करते हुए 49 आरोपितों पर गुंडा एक्ट तथा 4 गैंग के 11 सदस्यों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अप्रैल एवं मई 2026 के दौरान विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना तथा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।
पुलिस के अनुसार विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराध में संलिप्त एवं समाज में भय का वातावरण उत्पन्न करने वाले कुल 49 व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं संगठित अपराध में लिप्त 4 गैंग के 11 अभियुक्तों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत कठोर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।



