गुरु गोरखनाथ मंदिर व रामग्राम परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश ।

महराजगंज । जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को चौक स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर एवं रामग्राम परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया और श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने पर्यटन अधिकारी को मंदिर परिसर में यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सोनाड़ी देवी मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। यहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पाथवे निर्माण तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु अतिरिक्त लाइटें लगाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। रामग्राम परियोजना के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना की अगली किश्त जारी कराने के लिए पर्यटन विभाग से आवश्यक पत्राचार करने को कहा। उन्होंने निर्माणाधीन सरोवर की गहराई बढ़ाने के उद्देश्य से अतिरिक्त खुदाई कराने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि रामग्राम परियोजना जनपद की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इसके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। परियोजना का निर्माण यूपीपीसीएल द्वारा कराया जा रहा है। लगभग 7.14 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत कैफेटेरिया, डॉरमेट्री, मेडिटेशन हॉल, टॉयलेट ब्लॉक, सरोवर सुंदरीकरण सहित अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, पर्यटन अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, यूपीपीसीएल के जूनियर इंजीनियर सुनील मौर्या सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे ।



