थाना समाधान दिवस में एएसपी ने सुनीं फरियाद, त्वरित निस्तारण के निर्देश ।
महराजगंज। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने थाना श्यामदेउरवा पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों और उनके निस्तारण की प्रगति की जानकारी एएसपी को दी। अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, महिला उत्पीड़न सहित संवेदनशील मामलों में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मौके पर जाकर जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। थाना समाधान दिवस में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

