महराजगंज प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी जगदौर में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी एवं एसीएमओ डॉ. वीरेंद्र आर्या के निर्देशन में आयोजित शिविर में महिलाओं की आवश्यक जांच के साथ सुरक्षित मातृत्व को लेकर परामर्श दिया गया।
अभियान के तहत प्रत्येक माह की एक, नौ, 16 और 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की जाती है। शिविर में एएनएम ने गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच की और आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए। इसके साथ ही महिलाओं को निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर के दौरान कुल 60 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया गया। इनमें से 31 महिलाओं की अल्ट्रासाउंड पर्ची बनाकर उन्हें सूचीबद्ध अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर निशुल्क जांच के लिए भेजा गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान संभावित जोखिमों की समय से पहचान कर मां और शिशु के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना है।
इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. डीएन सिंह, डॉ. अमीर, फार्मासिस्ट अवनींद्र प्रसाद गुप्ता, एएनएम रतन प्रिया पटेल, आरबीएसके काउंसलर विजयलक्ष्मी, आईसीटीसी काउंसलर ज्योति द्विवेदी, बीपीएम नवनीत उपाध्याय सहित सीएचसी के स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

