निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन बच्चों की मौत, कार्यदायी संस्था पर एफआईआर के निर्देश ।

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-25 स्थित मीराबाई नगर के पोखरा टोला में रविवार को निर्माणाधीन पोखरे में स्नान करने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप में कार्यदायी संस्था दीपक कंस्ट्रक्शन के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना की विस्तृत जांच के लिए टीम गठित करने को कहा है।
पोखरा टोला निवासी राजबीर 13, नीतीश यादव 14 रोहन 13 और कृष्णा रौनियार 15 रविवार को निर्माणाधीन पोखरे में स्नान करने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में डूब गए। घटना देखकर राजबीर घर पहुंचा और परिजनों को जानकारी दी। सूचना पर कोठीभार पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। घटना की जानकारी पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने हादसे में सुरक्षित बचे राजबीर से मुलाकात कर उसका हाल जाना और उसे सांत्वना दी। डीएम ने अस्पताल प्रशासन को उसकी काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम और एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। निर्माणाधीन पोखरे पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिलने पर डीएम ने इसे गंभीर लापरवाही माना और दीपक कंस्ट्रक्शन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई होगी।
डीएम ने जिले में चल रहे सभी निर्माण कार्यों का परीक्षण कर सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारी निचलौल को मृतक बच्चों के परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने को कहा। प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा भी की गई।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मृतक बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। डीएम ने दिवंगत बच्चों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में बच्चों को निर्माणाधीन पोखरों, गहरे जलाशयों और अन्य जलस्रोतों के पास बिना निगरानी न जाने दें। अभिभावक बच्चों को ऐसे स्थानों पर स्नान या खेलने से रोकें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



