
महराजगंज । सिंदुरिया थाना क्षेत्र के सिंदुरिया झनझनपुर–सिंदुरिया मुख्य मार्ग पर कसमरिया गांव के पास रविवार सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार सोनालिका ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। राहत की बात रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक सुरक्षित बच निकला। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर सिंदुरिया की ओर तेज गति से जा रहा था। पुल के समीप पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सीधे पुल से जा भिड़ा। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने तत्काल पहुंचकर आवागमन को सामान्य कराया।
ग्राम प्रधान संदेश पटेल सहित ग्रामीण रईस, सोनू, बबलू, प्रदीप, ऋषिकेश, मिंटू और रंजीत ने बताया कि यदि उस समय पुल के पास कोई राहगीर या अन्य वाहन होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने प्रशासन से झनझनपुर–सिंदुरिया मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने, स्पीड ब्रेकर एवं चेतावनी संकेतक लगाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



