निर्माण कार्यों में देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयसीमा में पूरा कराएं परियोजनाएं

महराजगंज,। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं और अधिकारियों को सभी निर्माण परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने गड्ढामुक्ति अभियान के तहत चयनित सड़कों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) समेत सभी कार्यदायी संस्थाओं को हर हाल में सड़कों को गड्ढामुक्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। स्थलीय निरीक्षण में कमी मिलने पर संबंधित विभागीय अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी और कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने परियोजनावार और विभागवार निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, उन्हें जल्द संबंधित विभाग को हस्तांतरित किया जाए। वहीं, जिन परियोजनाओं का काम अब तक शुरू नहीं हुआ है, उन्हें तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समयसीमा में काम पूरा कराने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी आरके मिश्रा, डीएसएसटीओ निरंकार, एसीएमओ डॉ. राजेश द्विवेदी सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


