3 वाहन सीज, 86 हजार रुपये का चालान ।
महराजगंज: यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों को सीज कर दिया। साथ ही विभिन्न मामलों में कुल 86 हजार रुपये का चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान चेकिंग में मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को नाबालिग चालकों द्वारा संचालित करते पाया गया। इसे सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक मानते हुए वाहन को सीज कर दिया गया।
इसके अलावा मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिल पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार वाहन चालक स्टंटबाजी कर रहा था तथा तेज आवाज से ध्वनि प्रदूषण फैला रहा था। नियमों के उल्लंघन पर मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया।
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान में कुल तीन वाहनों को सीज किया गया तथा विभिन्न उल्लंघनों पर 86 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की अपील की है।

