महराजगंज। थाना निचलौल पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का माल और नकदी बरामद की है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, वन विभाग रेंज परिसर स्थित एक बंद मकान में करीब एक सप्ताह पूर्व चोरी हुई थी। विवेचना और चेकिंग के दौरान मिली सूचना पर पुलिस टीम ने कस्बा निचलौल निवासी कृष्णा साहनी उर्फ चाईं (18) और अमित वर्मा (21) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने नशे और शौक पूरे करने के लिए चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 6,300 रुपये भारतीय नकदी, 1,010 नेपाली रुपये तथा एक पीली धातु का लॉकेट बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जटाशंकर सिंह, अनुराग यादव, अमित विश्वकर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है।

