
महराजगंज । के थाना सिंदुरिया क्षेत्र में पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। ननिहाल से लापता हुए चार वर्षीय मासूम बच्चे को थाना सिंदुरिया पुलिस और ‘मिशन शक्ति’ टीम ने सूचना मिलने के महज 30 मिनट के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित मंसूरगंज निवासी रिमझिम पत्नी धर्मवीर ने थाना सिंदुरिया पहुंचकर बताया कि उनका चार वर्षीय पुत्र अपने ननिहाल पतरेगवा आया हुआ था, जहां से वह अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चल सका।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस और मिशन शक्ति की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने पतरेगवा और आसपास के क्षेत्रों में सघन खोज अभियान चलाया। पुलिस की तत्परता का परिणाम रहा कि बच्चे को आधे घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
मासूम के सकुशल मिलने पर परिजनों ने महराजगंज पुलिस और मिशन शक्ति टीम की त्वरित एवं मानवीय कार्यशैली की प्रशंसा की।

