महराजगंज सिन्दुरिया थाने की पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मिट्टी लदे एक न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर को सीज कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में की गई।
जानकारी के अनुसार 28 मई को थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में रात्रि में गश्त पर थे। इसी दौरान ग्राम पतरेगवा के पास मिट्टी लदा एक न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर जांच की और चालक से वाहन एवं मिट्टी परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे। चालक कोई भी आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। बिना वैध प्रपत्रों के मिट्टी का परिवहन किए जाने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत ऑनलाइन सीज कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित मिट्टी को कब्जे में लेकर वाहन को थाना परिसर में खड़ा करा दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक मिथलेश कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

