उत्तर प्रदेश
Trending

महराजगंज में सड़क हादसों में 40% कमी, डीएम ने ब्लैक स्पॉट सुधार तेज करने के दिए निर्देश ।

महराजगंज । कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं, उनके कारणों, चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स और वहां किए गए सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि अप्रैल 2025 की तुलना में अप्रैल 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में 40 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने इस पर संतोष जताते हुए संबंधित विभागों को आगामी महीनों में भी इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं गंभीर विषय हैं और इन्हें रोकने के लिए हर संभव उपाय किए जाने चाहिए। साथ ही हादसों में घायल लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। बैठक में लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर शीघ्र सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि इन स्थानों पर साइन बोर्ड, रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और कैट लाइट अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान आसानी से हो सके। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने बताया कि जिले में ब्लैक स्पॉट्स की संख्या 11 से घटकर अब छह रह गई है। जिलाधिकारी ने हाईवे से जुड़े संपर्क मार्गों पर भी स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए, जिससे संपर्क मार्गों से आने वाले वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। बैठक में अधिशासी अभियंता राजकुमार मिश्रा, सहायक परिवहन अधिकारी मनोज सिंह, डीआईओएस प्रदीप शर्मा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}