वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों से पुलिस ने किया संवाद, सुरक्षा का दिलाया भरोसा ।
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद में सुरक्षित, भयमुक्त एवं सहयोगात्मक वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को सभी थाना क्षेत्रों में कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट ने वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के साथ संवाद किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र भ्रमण कर लोगों से उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी जरूरतों की जानकारी ली।
पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आवश्यक पुलिस सहायता एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। साथ ही उनके अनुभवों और सुझावों को भी जाना गया। पुलिसकर्मियों ने हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनसे निरंतर संवाद बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इससे लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होने के साथ पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ेगा।

