शटर का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये समेत जरूरी कागजात चोरी ।
सिंदुरिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के मुंडेरा कलां गांव में निचलौल रोड स्थित साहू ट्रेडर्स की गिट्टी-बालू की दुकान में शुक्रवार देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर शटर का ताला तोड़कर करीब 20 हजार रुपये नकद, फर्राटा पंखा, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और दुकान से संबंधित जरूरी कागजात चोरी कर ले गए।
दुकान संचालक के अनुसार चोरों ने घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया।
दुकान में घुसने से पहले बाहर लगी लाइट तोड़ दी गई। इसके बाद चोरों ने सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त करने के साथ ही रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने वाला डीवीआर भी चोरी कर लिया। शनिवार सुबह दुकान संचालक संजय गुप्ता दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और नकदी समेत अन्य सामान गायब था। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना देकर तहरीर दी। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में दहशत है। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है। थानाध्यक्ष निर्भय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

