
मिठौरा । राजकीय हाईस्कूल बरवा राजा के प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रसाद की पदोन्नति देवरिया स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पद पर होने पर शनिवार को विद्यालय परिवार की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उन्हें अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर तथा माल्यार्पण कर सम्मानित किया। विदाई समारोह में उनके कार्यकाल की उपलब्धियों और योगदान को याद करते हुए कई शिक्षक भावुक नजर आए।
समारोह को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन ने कहा कि प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रसाद ने विद्यालय में शैक्षणिक अनुशासन कायम करने और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने के लिए निरंतर प्रयास किया। उनका सहज व्यवहार तथा शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति अपनापन विद्यालय परिवार के लिए हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि पदोन्नति की खुशी है, लेकिन लंबे समय तक साथ रहे प्रधानाचार्य की विदाई का क्षण भावुक करने वाला है।
प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रसाद ने विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बिताया कार्यकाल उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। इस अवसर पर राजकीय हाईस्कूल जगपुर उर्फ सलामतगढ़ के प्रधानाचार्य सुभाष चंद, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक राधेश्याम, दमयंती यादव और संदीप सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने सुरेंद्र प्रसाद के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन कार्यवाहक प्रधानाचार्य रामजी राव ने किया। इस दौरान यशवंत विश्वकर्मा, उपेंद्र प्रताप सिंह, रामराज चौरसिया, रत्नेश कुमार, अविनाश कुमार, ऋतुशाल कन्नौजिया, लक्ष्मी प्रसाद, आदित्य गुप्ता, अजय गुप्ता, शमशाद अहमद समेत विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
