नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में निष्पक्ष जांच की मांग, एसपी को सौंपा ज्ञापन ।

महराजगंज अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने रविवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर नाबालिग से कथित दुष्कर्म, अपहरण, ब्लैकमेलिंग तथा नेपाल ले जाकर बेचने की साजिश के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन जिलाध्यक्ष विशाल पुष्कर के नेतृत्व में सौंपा गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ नामजद आरोपियों ने कथित रूप से झाड़-फूंक, ताबीज और प्रलोभन का सहारा लेकर नाबालिग को अपने प्रभाव में लिया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, नेपाल ले जाकर बेचने की साजिश रचने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। संगठन ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर सभी दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संगठन ने पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोष सिद्ध होने पर कठोर दंड दिलाने की भी मांग उठाई। साथ ही कहा कि यदि जांच में अवैध संपत्तियों की पुष्टि होती है तो कानून के अनुरूप कार्रवाई की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



