हरिहरपुर स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क चिकित्सा शिविर,15 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण ।

महराजगंज विकासखंड मिठौरा क्षेत्र के हरिहरपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 15 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। वहीं चार मरीजों की विशेष स्वास्थ्य जांच भी की गई। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकीय टीम ने बुखार, सर्दी, खांसी, शरीर दर्द समेत अन्य सामान्य बीमारियों की जांच कर आवश्यक उपचार और परामर्श दिया।
शिविर के दौरान बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया। फार्मासिस्ट डॉ. एस.एन. राम ने बताया कि मौसम परिवर्तन के समय संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना, संतुलित आहार लेना, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना तथा चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही दवाओं का सेवन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है।
शिविर में चीफ फार्मासिस्ट विजय प्रताप सिंह, एलटी अरुण पटेल, एएनएम सुमित्रा सहानी, एचवी विद्या देवी, वार्ड बॉय जनार्दन प्रसाद, अजीत कुमार सहित स्वास्थ्य केंद्र के सभी कर्मचारियों ने पंजीकरण, जांच एवं दवा वितरण की व्यवस्था संभाली। ग्रामीणों ने ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की।



