
महराजगंज ज्येष्ठ मास में पड़ने वाले बड़े मंगल के अवसर पर मंगलवार को स्थानीय कोल्हुई बाजार के मुख्य तिराहे पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
हिंदू मान्यता के अनुसार ज्येष्ठ मास के मंगलवार को भगवान हनुमान की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है और इसे बड़े मंगल के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में हनुमान भक्तों द्वारा आयोजित प्रसाद वितरण कार्यक्रम दोपहर से शुरू होकर देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने भी सहभागिता की और श्रद्धालुओं को बड़े मंगल की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में पंडित सर्वेश्वरनाथ द्विवेदी, प्रदीप पाण्डेय, जितेन्द्र सिंह सोलंकी, राहुल सिंह, प्रमोद सिंह, नितेश सिंह, राममिलन जायसवाल, अरुण राय, ओमप्रकाश तिवारी, हरिराम जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के जयकारों के साथ प्रसाद ग्रहण किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
( सुनील पाण्डेय )



