महराजगंज। जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियानों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है। पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 के शुरुआती महीनों की तुलना में अप्रैल और मई में सड़क दुर्घटनाओं तथा हादसों में होने वाली मौतों की संख्या में कमी दर्ज की गई है।
जनपद पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 1 जनवरी से 31 मई 2026 तक कुल 192 सड़क दुर्घटनाओं के मुकदमे दर्ज किए गए। इन हादसों में 122 लोगों की मौत हुई, जबकि 116 लोग घायल हुए। जनवरी में 41 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जबकि अप्रैल में यह संख्या घटकर 30 और मई में 32 रह गई। वहीं मार्च में सर्वाधिक 32 लोगों की मौत हुई थी, जो अप्रैल में 27 और मई में घटकर 22 रह गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सड़क सुरक्षा माह एवं विशेष जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन संचालन, मोबाइल फोन के इस्तेमाल और ट्रिपल राइडिंग के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
विद्यालयों, महाविद्यालयों, परिवहन संघों तथा सार्वजनिक स्थलों पर भी सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए। दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां निगरानी बढ़ाई गई तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए गए। हाईवे और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की नियमित गश्त भी बढ़ाई गई। पुलिस प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की है।



