
महराजगंज । निचलौल मे अवैध डीजल भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम बढेपुरवा में छापेमारी कर एक घर से करीब 700 लीटर डीजल बरामद किया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे थाना निचलौल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बढेपुरवा निवासी एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से भारी मात्रा में डीजल का भंडारण किए हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी निचलौल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
छापेमारी के दौरान मुकुत पुत्र धुरुप निवासी बढेपुरवा के घर की तलाशी ली गई। जांच में घर की छत पर रखी छोटी-बड़ी टंकियों और गैलनों में लगभग 700 लीटर डीजल भंडारित मिला। मौके पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक ने बरामद डीजल की जांच की। पुलिस ने डीजल को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार अवैध भंडारण के संबंध में जांच जारी है और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

