बृजमनगंज में डिजिटल लाइब्रेरी की सौगात, अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने किया उद्घाटन।

महराजगंज। बृजमनगंज शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के वार्ड नंबर 3 रत्तूपुर में स्थित अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ शनिवार को किया गया। नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने फीता काटकर लाइब्रेरी का उद्घाटन किया।
इस डिजिटल लाइब्रेरी को करीब 70 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। नगर अध्यक्ष ने बताया कि यह लाइब्रेरी पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। इसमें एक साथ 70 बच्चों के बैठने की व्यवस्था है। लाइब्रेरी में कंप्यूटर सेट, वातानुकूलित रूम और इनवर्टर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि बच्चे गर्मी और बिजली कटौती के बिना आराम से पढ़ाई कर सकें।
नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि “हमारा उद्देश्य नगर के बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना है। बहुत ही कम शुल्क में बच्चों को लाइब्रेरी की सुविधा दी जाएगी। मुझे पूरा विश्वास है कि इस लाइब्रेरी से बृजमनगंज के बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होगा और वे प्रतियोगी परीक्षाओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे।”
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में नगरवासी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर सभासद बुधीराम चौरसिया, झीनक विश्वकर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, राजन चौरसिया,अनिल मणि, सनी रैना, सिद्धेश्वर चौरसिया, रामनाथ सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और इसे बृजमनगंज के लिए गौरव का विषय बताया।



