त्रिवेणी धाम नेपाल से जल लेकर निकले श्रद्धालु, सोमवार को दरहटा शिव मंदिर में करेंगे जलाभिषेक ।

महराजगंज सावन माह के पावन अवसर पर त्रिवेणी धाम नेपाल से पवित्र जल लेकर लगभग 300 श्रद्धालुओं का जत्था रविवार देर रात दरहटा स्थित प्राचीन शिव मंदिर के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु सोमवार को भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक करेंगे। जानकारी के अनुसार श्रद्धालु रात करीब 2 बजे त्रिवेणी धाम से जल भरकर पैदल यात्रा पर निकले। पूरे मार्ग में “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालु भगवा वस्त्र धारण कर कांवड़ में पवित्र जल लेकर उत्साह और श्रद्धा के साथ अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी आस्था के तहत बड़ी संख्या में श्रद्धालु त्रिवेणी धाम से जल लेकर दरहटा शिव मंदिर पहुंचते हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में हरेंद्र, कन्हैया, विशाल, किसान, सोनू, संदीप और सतेंद्र सहित करीब 300 लोग शामिल रहे। इन श्रद्धालुओं ने बताया कि वे हर वर्ष श्रद्धा और भक्ति के साथ यह कांवड़ यात्रा करते हैं तथा भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।



