उत्तर प्रदेशस्वास्थ्य
Trending

बच्चों को खिलाई गई कृमिनाशक दवा, डीएम-एसपी ने किया अभियान का शुभारंभ ।

महराजगंज । राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को जिले में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से मुक्त करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया। सदर स्थित मदरसा जामिया रिजविया नुरूल उलूम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाली पेट संबंधी समस्याओं से बचाना है। अभियान के तहत दी जाने वाली एल्बेंडाजोल की दवा सुरक्षित है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को समय से दवा खिलाने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। बताया गया कि पेट में कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक विकास, पोषण, एकाग्रता और सीखने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है। समय पर कृमिनाशक दवा देने से बच्चों के बेहतर मानसिक और शारीरिक विकास में मदद मिलती है।
जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, विद्यालयों, मदरसों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा निश्शुल्क खिलाई जा रही है। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास सहित संबंधित विभागों के समन्वय से व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से बच्चों को अभियान के तहत कृमि मुक्ति की दवा अवश्य खिलाने और स्वच्छता की आदतें विकसित करने की अपील की। खाने से पहले और शौचालय के बाद साबुन से हाथ धोना, स्वच्छ पानी पीना, नाखून नियमित काटना और पौष्टिक आहार लेना कृमि संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तन्मय पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}