
महराजगंज कोल्हुई स्थानीय कस्बे की सोनारी गली निवासी 35 वर्षीय कारपेंटर दिनेश प्रजापति ने गुरुवार देर रात फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह कमरे में उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। परिजनों के अनुसार, दिनेश गुरुवार देर रात नशे की हालत में घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर पत्नी से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद के बाद दिनेश अपने कमरे में चला गया, जबकि पत्नी अपने तीनों नाबालिग बच्चों के साथ छत पर सोने चली गई। शुक्रवार सुबह बच्चे पिता को जगाने के लिए कमरे में पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा। कमरे में दिनेश का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
शराब की लत को लेकर अक्सर होती थी कहासुनी
बताया जा रहा है कि दिनेश को शराब पीने की आदत थी। पत्नी अक्सर उसे शराब छोड़ने और बच्चों के भविष्य को लेकर समझाती थी। परिजनों के मुताबिक, इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन कहासुनी होती रहती थी। गुरुवार रात भी विवाद के बाद दिनेश कमरे में चला गया था।
तीन नाबालिग बच्चों के भविष्य पर संकट
दिनेश की मौत के बाद परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी और दो बेटे हैं, जो अभी नाबालिग हैं। पति की मौत के बाद पत्नी के सामने बच्चों के पालन-पोषण और परिवार के भविष्य की जिम्मेदारी आ गई है।
थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



