एनसीसी में चयनित अभ्यर्थियों का परिणाम घोषित, कर्नल ने दिए सफलता के मंत्र ।

महराजगंज । कोल्हुई कमला रुद्र नारायण कन्या इंटर कॉलेज केसौली के परिसर में सोमवार को 102 यूनिट एनसीसी के सीओ कर्नल जयशंकर चौधरी ने निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को एनसीसी की गतिविधियों और इससे मिलने वाले अवसरों की जानकारी देने के साथ ही इस वर्ष एनसीसी में सफल अभ्यर्थियों का परिणाम घोषित किया। सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। विद्यालय पहुंचने पर संचालक रजत दुबे ने कर्नल जयशंकर चौधरी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। एनसीसी अधिकारी वैभव दुबे ने विद्यार्थियों को एनसीसी में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एनसीसी से मिलने वाले विभिन्न लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशसेवा की भावना विकसित होती है। अग्निवीर भर्ती सहित अन्य क्षेत्रों में एनसीसी के महत्व के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। परिणाम घोषित होने और एनसीसी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने के बाद विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्रीमती दिव्या त्रिपाठी, कार्यवाहक प्रधानाचार्य जयप्रकाश साहनी, अफरोज खान, विवेकानंद दुबे, गौरव दुबे, रंजन चौबे, सरिता पांडेय, डिंपल दुबे, विकास दुबे और सूरज चौरसिया सहित विद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।



