परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी,अपर पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण ।
महराजगंज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रवक्ता पुरुष महिला राजकीय इंटर कॉलेज प्रारम्भिक परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास प्रभावी चेकिंग व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने पर जोर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और परीक्षा अवधि के दौरान लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे परीक्षा पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
