महराजगंजराजनीति
Trending

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याण अभियान की तैयारियों की समीक्षा

महराजगंज, । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। समीक्षा बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ने की।बैठक में वृक्षारोपण अभियान, जनसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम, जन समस्या समाधान शिविर, स्वास्थ्य मेले, विकास प्रदर्शनी, योग शिविर तथा अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के सभी कार्यक्रमों में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए सरकार की योजनाओं की जानकारी और लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।

वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा के दौरान उन्होंने सड़कों, नहरों और तालाबों के किनारे छायादार एवं फलदार पौधों के रोपण को प्राथमिकता देने तथा उनकी सुरक्षा और संरक्षण की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 05 जून को जनपद में कुल 5.81 लाख पौधे लगाए जाएंगे।

प्रभारी मंत्री ने रात्रि चौपालों को अधिक प्रभावी और जनोन्मुख बनाने पर बल देते हुए राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लॉक एवं जिला स्तर पर कृषि गोष्ठियों के प्रभावी आयोजन पर भी जोर दिया।

उन्होंने अभियान अवधि में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, सड़कों, अस्पतालों, तालाबों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा अनुपयोगी स्थलों को स्वच्छ बनाकर वहां वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। कार्यालय परिसरों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और जनपद को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की बात भी कही।

बैठक के प्रारंभ में प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सभी निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन का आश्वासन देते हुए प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त किया।

बैठक में पनियरा एवं सदर विधायक, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ), भाजपा जिलाध्यक्ष, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}