
महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय साख समिति डीसीसी की बैठक हुई। बैठक में वित्तीय समावेशन, ऋण वितरण, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।समीक्षा में बताया गया कि मार्च 2026 में जनपद का सीडी रेशियो बढ़कर 69.58 प्रतिशत पहुंच गया है, जो भारतीय रिजर्व बैंक के निर्धारित मानक 60 प्रतिशत से अधिक है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने बैंकर्स और संबंधित विभागों की सराहना की। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में पिछले वित्तीय वर्ष के लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरे होने पर संतोष जताते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लंबित मामलों पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए बैंकों को स्वीकृत ऋणों का जल्द वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के पात्र लाभार्थियों के लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण, स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते खोलने और क्रेडिट लिंकेज में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। नाबार्ड द्वारा वर्ष 2027-28 की संभाव्यता युक्त ऋण योजना तैयार करने के लिए विभागों से आवश्यक आंकड़े उपलब्ध कराने को कहा गया। बैठक में एलडीएम भूपेंद्र मिश्रा आरबीआई के सहायक महाप्रबंधक सुधीर पाण्डेय, नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक दीपा पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बैंकर्स मौजूद रहे।

