राजनीतिउत्तर प्रदेश
Trending

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद महराजगंज में 208 करोड़ की 79 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास ।

अलग-अलग जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, प्रतीकात्मक चाभी चेक, और स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया। .

महराजगंज । मुख्यमंत्री, उ.प्र. योगी आदित्यनाथ ने जनपद महराजगंज के नौतनवा में 208 करोड़ रुपये की 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर विभिन्न

जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, प्रतीकात्मक चाभी चेक एवं स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन भी किया।

शिलान्यास और लोकार्पण के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मुझे डेढ़ वर्ष बाद फिर नौतनवा आने और 208 करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने का अवसर मिला है। कहा कि पिछले नौ वर्षों में जनपद की सूरत बदली है। आज जनपद महाराजगंज पिछड़े जनपद की छवि से बाहर आ चुका है। उन्होंने बनेलिया देवी रोहिन बैराज, प्रस्तावित सीएम कंपोजिट विद्यालय, निर्माणाधीन फोर लेन गोरखपुर–सोनौली मार्ग आदि विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि नौतनवा का विकास यहां के सांसद और विधायक के प्रयासों से यह सब संभव हुआ है। क्योंकि यहां के विधायक और सांसद समय–समय पर क्षेत्र के मुद्दों से अवगत कराते हुए विकास हेतु नए नए प्रस्ताव देते रहते हैं।
मुख्यमंत्री ने भारत और नेपाल के संबंध की चर्चा करते हुए कहा कि भारत–नेपाल की साझी सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक विरासत पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच “रोटी-बेटी” का संबंध सदियों पुराना है तथा बौद्ध परिपथ से जुड़े ऐतिहासिक और आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है, ताकि किसी प्रकार का पिछड़ापन न रहे और दोनों देशों के नागरिकों को आवागमन एवं सामाजिक संबंधों में कोई कठिनाई न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि नौतनवा की जनता का उन्हें सदैव स्नेह और सहयोग प्राप्त हुआ है तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा जनता की समस्याओं और आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाया गया, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में अनेक विकास कार्य तेजी से संचालित हुए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में पूर्वांचल विशेषकर महराजगंज और आसपास के क्षेत्रों में एईएस जेई जैसी गंभीर बीमारियों से नवजात और बच्चों की मृत्यु चिंता का विषय थी, लेकिन सरकार के सतत प्रयासों से अब इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जनपद के बच्चों को जेई एईएस जैसी बीमारियों से मुक्ति दिलाने का कार्य वर्तमान सरकार ने किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गोरखपुर, महराजगंज, नौतनवा और ठूठीबारी की सड़कें अत्यंत जर्जर थीं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आज इन्हें फोरलेन सड़क मार्गों से जोड़ा जा रहा है, जिससे नौतनवा से गोरखपुर की यात्रा लगभग एक घंटे में संभव हो गई है। गोरखपुर से ठूठीबारी तक सड़क संपर्क को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने केवल सड़क मार्गों को ही नहीं, बल्कि समाज को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने रोहिन बैराज के लोकार्पण, बनैलिया मंदिर के जीर्णोद्धार तथा क्षेत्र में सड़कों के विस्तृत नेटवर्क का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वनटांगिया गांवों को पिछले नौ वर्षों में पहचान और अधिकार दिलाने का कार्य हमारी सरकार द्वारा किया गया है। इन गांवों को राशन कार्ड, मतदाता सूची और विभिन्न विकास योजनाओं से जोड़ा गया है तथा उन्हें राजस्व ग्राम पंचायतों के समान सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।उन्होंने कहा कि महराजगंज के सैकड़ों युवाओं ने पुलिस भर्ती में सफलता प्राप्त कर प्रदेश पुलिस में अपनी जगह बनाई है। आज उत्तर प्रदेश का युवा प्रदेश के बाहर अपनी पहचान बताने में संकोच नहीं करता, बल्कि गर्व महसूस करता है। प्रदेश की बदलती छवि और विकास ने युवाओं के आत्मविश्वास को नई मजबूती प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और विभिन्न देशों में चल रहे संघर्षों को देखते हुए सभी नागरिकों को खाद्यान्न, बिजली, पेट्रोल एवं डीजल की बचत करनी चाहिए। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों विशेषकर यूरिया के सीमित उपयोग तथा कम्पोस्ट खाद को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्वर्ण व्यवसायियों से उन्होंने विदेशों से अनावश्यक सोना आयात न करने तथा पुराने आभूषणों के पुनः उपयोग को बढ़ावा देने की भी अपील की।
कार्यक्रम के पूर्व मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा नवजात शिशुओं को पौष्टिक आहार एवं खिलौनों का वितरण भी किया। साथ ही उनके द्वारा विभिन्न विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, कृषि यंत्र, टूलकिट, आयुष्मान कार्ड तथा मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार का वितरण किया गया।
इससे पूर्व विधायक नौतनवा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि हम सब लोग सौभाग्यशाली हैं कि हमे मुख्यमंत्री के रूप में उनके जैसा अभिभावक मिला है, जो लगातार क्षेत्र के विकास की न सिर्फ चिंता करते हैं बल्कि आगे बढ़कर नए विकास योजनाओं का उपहार देते रहते हैं।
जनपद आगमन के दौरान मुख्यमंत्री विधायक नौतनवा के गृह प्रवेश कार्यक्रम और अखंड रामायण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’, मा. विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय सहित वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}