
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शनिवार को पुलिस कार्यालय में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी कर कानून-व्यवस्था, आगामी ईद-उल-अजहा तथा बाढ़ आपदा की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में लंबित विवेचनाओं, अनावरण शेष मामलों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। महिला उत्पीड़न, एससी-एसटी से जुड़े मामलों और बीएनएस के तहत दर्ज अपराधों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया गया।
एसपी ने आईजीआरएस और जनसुनवाई प्रकरणों में थानाध्यक्षों को स्वयं जांच कर शिकायतों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य, एसआईडी और ऑपरेशन क्लीन की भी समीक्षा की गई।
आगामी बकरीद को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने, लगातार चेकिंग अभियान चलाने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वाहन चेकिंग के दौरान आमजन से सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर भी बल दिया गया।
संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी आपदा पुलिस चौकियों को सक्रिय रखने, नाव, गोताखोर, जेसीबी व अन्य संसाधनों की सूची तैयार रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को तत्पर रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा खराब सीसीटीवी कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने पर भी चर्चा हुई।



