जिला बदर का उल्लंघन करने पर तड़ीपार अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार ।
परसामलिक ।जिला बदर के आदेश का उल्लंघन कर अपने घर पर मौजूद मिले एक तड़ीपार अभियुक्त को सोनौली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामचन्द्र राय, कांस्टेबल शिवाकांत सिंह एवं कांस्टेबल भानूप्रसाद ने ग्राम लक्ष्मीनगर टोला टिसुरी निवासी शिवम पाण्डेय 27 को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार शिवम पाण्डेय को न्यायालय के आदेश पर 10 जुलाई 2026 को छह माह के लिए महराजगंज जनपद से तड़ीपार जिला बदर किया गया था तथा उसे आदेशों से विधिवत अवगत भी कराया गया था। इसके बावजूद वह गुरुवार को अपने घर पर मौजूद मिला, जो जिला बदर के आदेश का स्पष्ट उल्लंघन है। इस मामले में सोनौली थाने में अपराध संख्या 73/2026 के तहत धारा 10, उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम-1970 में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इस बाबत थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
