ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने पर विधायक ऋषि त्रिपाठी का ग्राम प्रधानों ने किया स्वागत ।
महराजगंज । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के निर्णय के बाद क्षेत्र के ग्राम प्रधानों में खुशी का माहौल है। इसी क्रम में गुरुवार को नौतनवा ब्लॉक अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान विधायक ऋषि त्रिपाठी के नौतनवा स्थित आवास पहुंचे और उन्हें पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस दौरान ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्णय का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
प्रधानों ने कहा कि बीते 20 मई को लखनऊ के ईको गार्डेन में आयोजित महापंचायत में ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई थी। शासन से मंजूरी मिलने के बाद प्रधानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनका कहना था कि इस निर्णय से गांवों में रुके हुए विकास कार्यों को गति मिलेगी और पंचायत स्तर की योजनाओं का संचालन सुचारु रूप से हो सकेगा।
ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया ने कहा कि ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने से पंचायतों के विकास कार्यों में तेजी आएगी तथा गांवों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा। वहीं नौतनवा ब्लॉक प्रधान संघ के अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंचायत चुनाव में संभावित देरी को देखते हुए ग्राम प्रधानों को प्रशासक की जिम्मेदारी देकर ग्रामीण विकास का रास्ता साफ किया है। उन्होंने कहा कि अब ग्राम सभाओं में अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।


