
परतावल।अंतर्राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल की टीम ने सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल में बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि काशीनाथ सिंह ने यूकेजी की छात्रा आराध्या गुप्ता को पहली गोली खिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाली समस्याओं और एल्बेंडाजोल की खुराक की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक से दो वर्ष के बच्चों को आधी गोली, दो से तीन वर्ष के बच्चों को एक गोली चूर्ण बनाकर तथा तीन से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली चबाकर दी जाती है। मुख्य अतिथि ने बच्चों को खुले में बिकने वाले अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों से बचने और पौष्टिक भोजन लेने की सलाह दी। डॉ. अमित कुमार ने किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया। काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता ने स्वच्छता और हाथ धोने के फायदे बताए। डाटा एंट्री ऑपरेटर संजीव कुमार सिंह ने अभियान में शत-प्रतिशत सहभागिता की अपील की।



