
महराजगंज। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर सोमवार को मिठौरा और घुघली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। डिप्टी सीएमओ डॉ. वीर विक्रम सिंह ने दोनों केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सुझाव दिए।
डॉ. सिंह ने कहा कि स्वस्थ मां ही सेहतमंद बच्चे को जन्म दे सकती है। गर्भावस्था के दौरान नियमित चेकअप, पौष्टिक आहार, आयरन और कैल्शियम की गोलियों का सेवन बेहद जरूरी है। गर्भवती महिलाओं को कम से कम चार बार एएनसी जांच करानी चाहिए। उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
उन्होंने महिलाओं को ताजे मौसमी फल, हरी सब्जियां और पौष्टिक खाद्य पदार्थ लेने की सलाह दी। खून की कमी होने पर गुड़, चना और खजूर समेत आयरन युक्त आहार लेने को कहा।
मिठौरा और घुघली सीएचसी पर कुल 90 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच हुई, जिसमें 16 एचआरपी मिलीं। मिठौरा में 37 में 12 और घुघली में 53 में चार महिलाएं उच्च जोखिम वाली मिलीं। जरूरतमंद महिलाओं के अल्ट्रासाउंड के लिए ई-वाउचर भी जारी किए गए।



