
महराजगंज। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तीकरण और स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और महिला पुलिसकर्मियों को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
हिन्दुस्तान समाचार पत्र की मुहिम के तहत आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा, स्वरोजगार समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली जनपद की प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न थानों में तैनात महिला बीट अधिकारियों और महिला आरक्षियों को भी उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
अधिकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों की महिला सुरक्षा, जनजागरूकता और अपराध नियंत्रण में निभाई जा रही भूमिका की सराहना की। कहा कि महिला पुलिसकर्मी गांव-गांव और बीट स्तर पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दे रही हैं।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। समाज में बदलाव लाने वाली महिलाओं के प्रयासों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि महिला सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। महिला पुलिसकर्मी निरंतर क्षेत्र में जाकर महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य को सम्मानित करना उनका उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम के अंत में सम्मानित महिलाओं एवं महिला पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ समाज, महिला सुरक्षा तथा जनपद के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।



