अमरूद तोड़ने से रोकने पर बुजुर्ग की लाठी से पीटकर हत्या, महिला हिरासत में ।

महराजगंज । श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के धरमौली गांव में अमरूद तोड़ने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसी के तीन वर्षीय बच्चे को अमरूद तोड़ने से मना करने पर नाराज महिला ने 70 वर्षीय बुजुर्ग पर लाठी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार धरमौली निवासी मुखलाल शर्मा 70 रविवार दोपहर घर पर अकेले थे। इसी दौरान पड़ोस का एक तीन वर्षीय बच्चा उनके दरवाजे पर लगे अमरूद के पेड़ से फल तोड़ने लगा। मुखलाल शर्मा ने बच्चे को ऐसा करने से मना किया, जिससे उसकी मां नाराज हो गई। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि महिला ने लाठी से मुखलाल शर्मा के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



