बैरिया गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस ।
महराजगंज । घुघली थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान संध्या उर्फ खुशबू चौहान पत्नी राकेश चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटकी मिली। परिजनों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। हालांकि महिला की मौत आत्महत्या से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों की भी मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने की उम्मीद है। घुघली थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



