पत्नी की हत्या के छह दिन बाद पति की भी संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार ।

महराजगंज श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुड़कटिया गांव में पत्नी की हत्या के छह दिन बाद उसके पति की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह शिवनारायण का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार को शिवनारायण की पत्नी रुक्मिणी का खून से लथपथ शव घर के बाहर चारपाई पर मिला था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी घटना के छह दिन बाद शिवनारायण की संदिग्ध मौत ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।
ग्रामीणों के बीच शिवनारायण की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग हार्ट अटैक की आशंका जता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मान रहे हैं। घटना के बाद गांव में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
परिजनों के अनुसार, शिवनारायण का इलाज गोरखपुर के एक निजी मनोचिकित्सक से चल रहा था। परिवार में उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। शुरुआत में परिजन पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन पुलिस के समझाने पर वे राजी हो गए। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

