उत्तर प्रदेशमहराजगंज
Trending

गोसदन मधवलिया को आत्मनिर्भर बनाने की तैयारी, गोमूत्र से बनेगा ‘महराजा’ ब्रांड का कीटनाशक

738 गोवंश संरक्षित, डीएम ने किया निरीक्षण; महिला स्वयं सहायता समूहों को उत्पादन से जोड़ने के निर्देश

महराजगंज। गोसदन मधवलिया को आत्मनिर्भर और आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने की पहल तेज हो गई है। शनिवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने गोसदन का निरीक्षण कर गोवंशों के संरक्षण, उनके चारे और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गोसदन में संचालित आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद ने बताया कि गोसदन में कुल 738 गोवंश संरक्षित हैं। इनमें 582 नंदी और 156 गायें शामिल हैं। इनके लिए 1033 कुंतल भूसा, 134 कुंतल पशु आहार और 24 कुंतल साइलेज उपलब्ध है। हरे चारे की नियमित आपूर्ति के लिए छह स्थानीय किसानों से अनुबंध किया गया है।

डीएम ने बीमार गोवंशों के उपचार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, साफ-सफाई और सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया। उन्होंने वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन बढ़ाने और उसकी बिक्री के लिए प्रभावी बाजार व्यवस्था विकसित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान गोमूत्र से तैयार ‘महराजा’ ब्रांड के कीटनाशक को डीएम ने एक किसान को भेंट किया। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल इसका परीक्षण के तौर पर उत्पादन किया जा रहा है। जल्द ही व्यावसायिक स्तर पर उत्पादन शुरू होगा। डीएम ने इस कार्य से महिला स्वयं सहायता समूहों को जोड़ने का निर्देश दिया।

उन्होंने तीन स्थायी पशु शेड का निर्माण शीघ्र शुरू कराने और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ को निर्देशित किया। इस दौरान डीएम ने गोवंशों को गुड़, केला और चना खिलाकर पूजन भी किया। निरीक्षण में बीडीओ निचलौल संतोष कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शिवकुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}