महराजगंज । यातायात माह नवंबर के तहत सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए महराजगंज पुलिस ऑपरेशन सेफ फ्यूचर चला रही है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में यातायात पुलिस तेज रफ्तार वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
अभियान के तहत श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर इंटरसेप्टर वाहन में लगे स्पीड रडार गन से वाहनों की गति मापी जा रही है। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले चालकों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध चालान और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी कर रही है। उन्हें निर्धारित गति में वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की सलाह दी जा रही है। पुलिस ने अपील की है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से बचें। आपकी थोड़ी सी सावधानी आपकी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रख सकती है।


