
महराजगंज। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने शनिवार को ठूठीबारी स्थित निर्माणाधीन नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था को दिसंबर तक सभी कार्य पूर्ण कर विद्यालय हैंडओवर करने का निर्देश दिया।
डीएम ने विद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक, कक्षाओं, छात्रावास और शौचालय ब्लॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला छात्रावास में छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चारों ओर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराने का निर्देश दिया। कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। विद्यालय हैंडओवर करने से पहले तकनीकी समिति गठित कराकर सभी कार्यों की गुणवत्ता की जांच भी कराई जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यूपीपीसीएल यूनिट-29 गोरखपुर की ओर से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य की स्वीकृत लागत 10.30 करोड़ रुपये है। इसके सापेक्ष 9.785 करोड़ रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं। परियोजना प्रबंधक के अनुसार निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति करीब 85 प्रतिशत है। मार्च 2024 में शुरू हुई परियोजना के तहत एकेडमिक ब्लॉक, पुरुष एवं महिला छात्रावास, बाउंड्रीवाल, गेट, सीसी रोड और नाली सहित अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। वर्तमान में एकेडमिक ब्लॉक और महिला छात्रावास में फिनिशिंग का कार्य चल रहा है।
निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक एपी सिंह, सहायक अभियंता अशोक सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

