हैंडपंप के पास जलभराव से उठ रही दुर्गंध, गंदगी के बीच पानी पीने को मजबूर लोग ।

निचलौल ।तहसील परिसर में पेयजल की व्यवस्था होने के बावजूद लोगों को गंदगी और जलभराव के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तहसील के पूर्वी गेट के पास लगा इंडिया मार्का हैंडपंप चालू हालत में है, लेकिन उसके आसपास लंबे समय से जलभराव, कीचड़ और गंदगी होने के कारण लोगों को दुर्गंधयुक्त पानी के बीच से होकर हैंडपंप तक पहुंचना पड़ रहा है। इससे संक्रमण के साथ ही हादसे की आशंका भी बनी हुई है। तहसील परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं, वादकारियों और अन्य लोगों के लिए पूर्वी गेट के पास इंडिया मार्का हैंडपंप लगाया गया है। हैंडपंप से पानी निकल रहा है, लेकिन जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास पानी जमा रहता है। कई दिनों से जमा पानी में गंदगी और कीचड़ होने से दुर्गंध उठ रही है।
कीचड़ के कारण हैंडपंप तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। पानी लेने के दौरान लोगों के पैर फिसलने का खतरा बना रहता है। अधिवक्ता सरयू पांडेय ने बताया कि हैंडपंप से पानी ठीक मिल रहा है, लेकिन उसके पास पहुंचना जोखिम भरा है। इसी कारण कई अधिवक्ता अब घर से पानी लेकर तहसील पहुंच रहे हैं। बार एसोसिएशन के महामंत्री मनोज राय ने बताया कि हैंडपंप के आसपास जलभराव और गंदगी की समस्या से संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने के साथ परिसर में नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की। इस संबंध में एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि तहसील कार्यालय परिसर के बीच में आरओ प्लांट लगा हुआ है। पूर्वी गेट के पास गंदगी और जलभराव की जानकारी मिली है। जल्द ही वहां साफ-सफाई कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।



