उत्तर प्रदेशराजनीति
Trending

रामग्राम स्तूप के द्वितीय चरण के उत्खनन की तैयारी तेज, एएसआई ने किया प्राथमिक सर्वे ।

महराजगंज । ऐतिहासिक रामग्राम स्तूप के वैज्ञानिक उत्खनन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण एएसआई की पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय टीम ने शुक्रवार को स्थल का प्राथमिक सर्वेक्षण कर द्वितीय चरण के उत्खनन की रूपरेखा तैयार की।
अधीक्षण सर्वेक्षक राजेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने प्रथम चरण में हुई खुदाई वाले स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया और आगामी उत्खनन की रणनीति तय की। टीम ने दूसरे चरण के लिए 50×50 मीटर क्षेत्र को चिह्नित किया है, जिसमें मुख्य टीले के साथ सतह पर स्थित छोटे टीले भी शामिल किए गए हैं।
सर्वेक्षण का उद्देश्य उत्खनन स्थल की वर्तमान स्थिति का आकलन करना, खुदाई के लिए उपयुक्त क्षेत्र निर्धारित करना तथा उत्खनन की दिशा और स्वरूप तय करना था। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण सर्वेक्षक ने विशेषज्ञों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इससे पहले एएसआई टीम ने जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल से शिष्टाचार भेंट की। टीम लीडर राजेंद्र कुमार यादव ने प्रथम चरण के उत्खनन से प्राप्त ऐतिहासिक साक्ष्यों और महत्वपूर्ण निष्कर्षों की जानकारी देते हुए दूसरे चरण की कार्ययोजना साझा की तथा जिला प्रशासन से सहयोग का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी ने उत्खनन कार्य में हरसंभव प्रशासनिक एवं स्थानीय सहयोग का आश्वासन देते हुए निर्देश दिया कि दूसरे चरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराई जाए। इस पर अधीक्षण सर्वेक्षक ने बताया कि सर्दियों की शुरुआत होते ही विधिवत उत्खनन कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने जिला सूचना अधिकारी को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर एएसआई टीम को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। सर्वेक्षण दल में उप अधीक्षण पुरातत्व अभियंता दिलीप कुमार, सहायक अधीक्षण पुरातत्व अभियंता पंकज तिवारी, सहायक अभियंता अखिलेश तिवारी तथा सर्वेक्षक राम नरेश यादव शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}