उत्तर प्रदेशमहराजगंज
Trending

सीएम डैशबोर्ड पर सी और डी श्रेणी की प्रगति देख भड़के सीडीओ, विद्युत विभाग से मांगा स्पष्टीकरण ।

 

महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान लापरवाही और खराब प्रदर्शन पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, नेडा, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उद्यान और मत्स्य विभाग सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति परखी गई। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं होने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत सदर को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया।

वहीं सीएम युवा अभियान की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर सहायक आयुक्त उद्योग को बैंकों से समन्वय स्थापित कर लंबित ऋण आवेदनों का निस्तारण और ऋण वितरण सुनिश्चित कराने को कहा। जल निगम ग्रामीण और आईसीडीएस के प्रदर्शन में भी सुधार लाने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने कहा कि सभी विभाग योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दें। किसी भी स्तर पर लापरवाही के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित नहीं होनी चाहिए। योजनाओं में सी और डी श्रेणी की प्रगति किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं है। अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से कार्य करने की हिदायत दी।

बैठक में डीडीओ बीएन कन्नौजिया, डीएसटीओ निरंकार, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी कन्हैया यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}