विदेशी पहचान छिपाकर भारतीय दस्तावेज बनवाने का आरोप, इंडोनेशियाई महिला पर मुकदमा
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा के सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय में जांच के दौरान विदेशी पहचान छिपाकर भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज बनवाने के आरोप में एक इंडोनेशियाई महिला पकड़ी गई। महिला के पास से अलग-अलग नाम और जन्मतिथि से बने वोटर आईडी, आधार कार्ड और दो पैन कार्ड समेत पांच दस्तावेज बरामद हुए हैं। मामले में सोनौली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय में नियमित जांच के दौरान एक महिला को संदेह के आधार पर रोका गया। पूछताछ के दौरान महिला ने भारतीय वोटर आईडी प्रस्तुत की। इस पर नाम ली किम लियेन, पिता का नाम ली चिन सेन और पता न्यू तांगरा रोड, तांगरा, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) दर्ज था।
महिला के हाव-भाव और बातचीत से विदेशी नागरिक होने का संदेह होने पर उसके पासपोर्ट की जांच की गई। इसमें उसकी पहचान रोहाना नाम की इंडोनेशियाई नागरिक के रूप में सामने आई। इसके बाद तलाशी में अलग-अलग नाम और जन्मतिथि से बने भारतीय वोटर आईडी, आधार कार्ड तथा दो पैन कार्ड सहित कुल पांच दस्तावेज मिले।
इमिग्रेशन अधिकारियों ने महिला और बरामद दस्तावेजों को आवश्यक कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने तहरीर और दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेजों में कूटरचना और कथित दुरुपयोग के आरोप में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि बरामद दस्तावेजों की प्रामाणिकता, उनके निर्माण और प्राप्ति के स्रोत के साथ ही महिला की अलग-अलग पहचानों की विस्तृत जांच की जा रही है।



