
महराजगंज। तहसील निचलौल में शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में से 20 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों को लेकर डीएम ने विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना मौका मुआयना किए ऐसे मामलों का निस्तारण न किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर दोनों पक्षों की स्थिति की जांच करे और नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
डीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस, जनता दर्शन और आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता न हो। शिकायतकर्ता की संतुष्टि और समस्या के वास्तविक समाधान को प्राथमिकता दी जाए। शत-प्रतिशत मामलों में शिकायतकर्ता से संपर्क करने के बाद ही निस्तारण किया जाए। जरूरत पड़ने पर दोनों पक्षों से वार्ता कर काउंसलिंग भी कराई जाए, ताकि विवाद का स्थायी समाधान हो सके।
इस अवसर पर राजस्व कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आठ लेखपालों को सम्मानित किया गया। वहीं स्वामित्व योजना के नौ लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में एसडीएम निचलौल अवनीश त्रिपाठी, डीडीओ भोलानाथ कन्नौजिया, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



